अमेरिकी शांति प्रस्ताव ने लौटाई भारतीय शेयर बाज़ार की खुशियां
अमेरिका-ईरान तनाव कम होने से वैश्विक शेयर बाज़ार के साथ भारतीय शेयर बाज़ार के दोनों सूचकांकों ने भारी बढ़त बनाई

अमेरिकी-ईरान तनाव कम होने की संभावनाओं के बीच वैश्विक बाज़ारों में गर्माहट वापस लौट आया है| वैश्विक बाज़ारों के साथ भारतीय शेयर बाज़ार में भी आज निवेशकों ने शेयरों की खरीददारी का कॉन्फिडेंस दिखाया| परिणामस्वरूप आज भारतीय शेयर बाज़ार के दोनों प्रमुख सूचकांकों में तेज़ी लौटी| आज BSE के सेंसेक्स ने 634.61 अंकों की बढ़त बनाई, वहीं NSE के निफ्टी ने भी 190.55 अंकों की बढ़त के साथ बाज़ार में सकारात्मकता लौटाई| आज सेंसेक्स 41,452.35 अंकों पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 12,215.90 अंकों पर बंद हुआ| आज डॉलर के मुकाबले रुपए में भी तेजी आई| कारोबार के दौरान रुपया 22 पैसे मजबूत होकर 71.48 पर आ गया|
सकारात्मक संकेतों से भारतीय बाजार में आई तेजी
विदित हो कि बाजार में पिछले तीन दिनों से बिकवाली जारी थी, लेकिन यूएस और ईरान में तनाव खत्म होने की उम्मीद से ग्लोबल बाजार में तेजी आ गई है| कारोबारियों के मुताबिक दूसरे एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों से भारतीय बाजार में भी आज तेजी आई| विदित हो कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को ईरान के साथ शांतिपूर्ण समाधान का प्रस्ताव रखा है| इससे अमेरिकी और प्रमुख एशियाई बाजारों पर सकारात्मक असर हुआ| इस सकारात्मकता का असर भारतीय बाज़ार में भी आया|
बैंकों के शेयरों में रौनक
सेंसेक्स के ICICI बैंक, इंडसइंड बैंक, SBI में 3 से 4 फीसदी की तेजी नजर आई| एक्सिस बैंक, M&M, मारुति, बजाज फाइनेंस, L&T, एशियन पेंट्स के शेयरों में 2 से 3 फीसदी की तेजी नजर आई| वहीं ऑयल कंपनियों HPCL, BPCL और IOC के शेयरों में 2 से 4 फीसदी की तेजी नजर आई| निफ्टी में आज जिंदल स्टील, इन्फ्राटेल, टाटा मोटर्स और इंडसइंड बैंक के शेयरों में तेज़ी रही, वहीं TCS, कोल इंडिया, ब्रिटानिया, HCL टेक और गेल के शेयरों में गिरावट का रुख रहा|
खरीददारी का प्रभाव देखने को मिला
आज सुबह से ही शेयर बाज़ार के दोनों प्रमुख सूचकांकों में खरीददारी का प्रभाव देखने को मिला| सेंसेक्स शुरुआती कारोबार के दौरान 500 अंक उछला और निफ्टी ने भी 150 अंकों से ज्यादा की छलांग लगाई| सुबह 9.55 बजे सेंसेक्स 368 अंकों की बढ़त के साथ 41,186.17 और निफ्टी 111.45 अंकों यानी 0.93 फीसदी की तेजी के साथ 12,136.80 पर कारोबार करता दिखा|
NSE के 11 में से 10 सेक्टर इंडेक्स फायदे में रहे
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित प्रमुख संवेदी सूचकांक निफ्टी पिछले सत्र के मुकाबले तेजी के साथ 12,153.15 पर खुला और 12,177 तक चढ़ा| पिछले सत्र में निफ्टी 12,025.35 पर बंद हुआ था| सेंसेक्स के 30 में से 26 और निफ्टी के 50 में से 43 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए| NSE पर 11 में से 10 सेक्टर इंडेक्स फायदे में रहे आज|
बुधवार को निफ्टी 95 अंक और सेंसेक्स 341 अंक सुधरकर बंद हुआ था, वहीं सेंसेक्स 52 अंक गिरकर 40,818 पर बंद हुआ था| निफ्टी 28 अंक गिरकर 12,025 पर बंद हुआ था| जबकि बैंक निफ्टी 26 अंक गिरकर 31,374 पर और मिडकैप 53 अंक चढ़कर 17,074 पर बंद हुआ था|
ज्ञात हो कि अमेरिका ने बहरहाल ईरान के साथ टकराव का रास्ता छोड़ने का फैसला लिया है, जिससे खाड़ी क्षेत्र में तनाव कम होने से एशियाई बाजारों में गुरुवार को तेजी का रुख बना रहा|