Arthgyani
होम > न्यूज > सप्ताहांत में सेंसेक्स ने बनाई बढ़त, निफ्टी नुकसान के साथ हुआ बंद 

सप्ताहांत में सेंसेक्स ने बनाई बढ़त, निफ्टी नुकसान के साथ हुआ बंद 

सेंसेक्स ने फिर किया 42 हज़ार के आंकड़े को पार, रिकॉर्ड उंचाई पर पहुंच कर 41,945 अंकों पर हुआ बंद

भारतीय शेयर बाज़ार में आज का दिन बहुत असमंजस भरा हुआ रहा| आज सप्ताहांत में शुक्रवार को शेयर बाजार मिलेजुले रुख के साथ बंद हुआ| सेंसेक्स 12.81 अंक की मामूली बढ़त के साथ 41,945.37 पर बंद हुआ तो वहीं NSE के निफ्टी 3.15 अंकों के मामूली गिरावट के साथ 12,352.35 के स्तर पर बंद हुआ|

सेंसेक्स ने 42,063.93 के उच्च स्तर को छुआ

आज सुबह से ही शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर रही, जबकि उसी समय वैश्विक बाजार से सकारात्मक संकेत मिल रहे थे| सेंसेक्स में आज स्थिरता के साथ कारोबार चल रहा था जबकि निफ्टी लाल निशान के साथ बना हुआ था| सुबह 9.33 बजे सेंसेक्स स्थिरता के साथ 41,932.54 पर बना हुआ था और निफ्टी 21.35 अंकों की कमजोरी के साथ 12,334.15 पर कारोबार कर रहा था| कारोबार के दौरान 41,850.29 का निचला और 42,063.93 का उच्च स्तर छुआ| निफ्टी ने इंट्रा-डे में 12,321.40 का निचला और 12,385.45 का उच्च स्तर छुआ|

सेक्टोरिअल इंडेक्स में रहा मिला जुला रुख

सेंसेक्स के 30 में से 18 और निफ्टी के 50 में से 21 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए| NSE पर 11 में से 5 सेक्टर इंडेक्स फायदे में रहें| फार्मा इंडेक्स में सबसे ज्यादा 1.73% तेजी आई| दूसरी ओर बैंक इंडेक्स सबसे ज्यादा 0.83% नुकसान में रहा|

RIL, TCS और HCL के तिमाही परिणामों का इंतज़ार

रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL), TCS और HCL जैसी बड़ी कंपनियों के तिमाही परिणामों की घोषणा से पहले शुक्रवार को शेयर बाजारों की शुरुआत में निवेशकों का रुख सावधानी भरा रहा| जबकि TCS ने अपने परिणाम शाम को घोषित किए, तब तक बाज़ार बंद ही चूका था| TCS के भारी लाभ का उसके शेयरों पर प्रभाव सोमवार को देखने को मिलेगा| ज्ञात हो कि  पिछले सत्र यानी कल गुरुवार को सेंसेक्स 41,932.56 अंक पर और निफ्टी 12,355.50 अंक पर बंद हुआ था|

इन शेयरों में दिखी गिरावट

सेंसेक्स में शामिल इंडसइंड बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, HDFC बैंक, कोटक बैंक, पावर ग्रिड और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में 2.50 प्रतिशत तक की सबसे अधिक गिरावट देखी गई है| वहीं निफ्टी में इन्फ्राटेल, इंडसइंड, गेल, वेदांत और BPCL के शेयर नुकसान में रहें|

इन शेयरों में नजर आई तेजी

सेंसेक्स में भारती एयरटेल का शेयर सबसे अधिक 4 प्रतिशत तक चढ़ा, एयरटेल के शेयर निफ्टी में भी सुपरस्टार साबित हुए और 5.5% की बढ़त दर्ज की| एयरटेल का साथ देते हुए RIL, HCL, ग्रासिम और DR. रेड्डी ने भी बढ़त बनाई|

ज्ञात हो कि वैश्विक स्तर पर बृहस्पतिवार को अमेरिका में वाल स्ट्रीट रिकॉर्ड उच्च स्तर पर बंद हुआ था, वहीं शंघाई, टोक्यो और सियोल के शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में सकारात्मक रुख देखा गया| जबकि हांगकांग के शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई|

भारतीय शेयर बाजारों में संसय-असमंजस का यह माहौल बजट2020 के पेश होने तक यूं ही बना रहेगा| निवेशक यह सुनिश्चित नहीं कर पा रहे हैं कि सरकार क्या रुख अपनाने वाली है|