आज सोने की कीमतों में आई चमक, चांदी का भी बढ़ा भाव
विदेशों में कीमतों में रही तेजी का असर भारतीय के सर्राफा बाजार में भी देखने को मिला और सोने की कीमतों में लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद आज तेजी दर्ज की गयी

लगातार दो दिन से सोने-चांदी की कीमत में आई गिरावट के बाद आज दोनों धातुओं के रेट में उछाल देखने को मिला| विदेशों में कीमतों में रही तेजी का असर दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी देखा गया और सोने में लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद तेजी दर्ज की गयी| आज सोना स्टैंडर्ड 570 रुपए चमककर 41,670 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा| वहीं सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 41,500 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा| आठ ग्राम वाली गिन्नी 200 रुपए चमककर 31,000 रुपए के भाव पर रही|
हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार सोने की तरह चांदी में भी आज तेजी आई| चांदी हाजिर 175 रुपए की मजबूती के साथ 48,025 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई| चांदी वायदा 290 रुपए की बढ़त लेकर 46,911 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई| सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 980 रुपए और 990 रुपए प्रति इकाई पर स्थिर रहें|
आज दोनों कीमती धातुओं के विभिन्न भाव इस प्रकार रहे::
- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम- 41,670 रुपए
- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम- 41,500 रुपए
- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम- 48,025 रुपए
- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम- 46,911 रुपए
- सिक्का लिवाली प्रति इकाई- 980 रुपए
- सिक्का बिकवाली प्रति इकाई- 990 रुपए
- गिन्नी प्रति आठ ग्राम- 31,000 रुपए
लंदन और न्यूयार्क से मिली जानकारी के अनुसार सप्ताहांत पर वहां सोना हाजिर बढ़त लेकर 1,562.04 डॉलर प्रति औंस पर रहा| फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा भी 7.10 डॉलर की तेजी लेकर 1,558.80 डॉलर प्रति औंस बोला गया| बाजार विश्लेषकों ने बताया कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से डॉलर की मजबूती के कारण पीली धातु में तेजी आयी है| अंतरार्ष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर बढ़त लेकर फिर से 18 डॉलर के पार 18.09 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया|
6 से 10 जनवरी तक बाज़ार में रहा उथलपुथल
विदित हो कि ईरान-अमेरिका के बीच तनाव को लेकर शेयर बाजार और सर्राफा मार्केट में सबसे ज्यादा उथल-पुथल रही| 6 जनवरी से लेकर 10 जनवरी के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में भी जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला वहीं अगर सर्राफा बाजार की बात करें तो इन दिनों सोने का रेट जहां रिकॉर्ड ऊंचाई को छुआ वहीं कई बार डुबकियां भी लगाया| सोने की चमक गुरुवार और शुक्रवार को फीकी पड़ गई थी, जिसमे आज थोड़ी चमक लौटी|
दरअसल अमेरिकी बेस पर ईरान के हमले के बाद लग रहा था अमेरिका इसका माकूल जवाब देगा| तनाव बढ़ने की आशंका में 6 जनवरी को घरेलू शेयर बाजार जहां धड़ाम हुए वहीं सोने की चमक बढ़ गई| लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान के बाद दोनों देशों में तनवा थोड़ा कम हुआ तो शेयर बाजार में रौनक लौटी और सोने की कीमत गिरने लगी| 9 जनवरी को सोना जहां 766 रुपए गिरकर 40,634 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया| वहीं शेयर बाजार में सेंसेक्स 635 अंकों की तेजी के साथ बंद हुआ|
सोने-चांदी पर बढ़ते निवेश से यह साफ़ पता चलता है कि यह सिर्फ मुसीबत के समय ही सुरक्षित निवेश का माध्यम नहीं है, बल्कि सामान्य समय में निवेशक इसमें खुल कर निवेश करते हैं|