Arthgyani
होम > न्यूज > शेयर बाज़ार में लौटी ख़ुशहाली, सोने-चांदी में हुई बिकवाली

शेयर बाज़ार में लौटी ख़ुशहाली, सोने-चांदी में हुई बिकवाली

भारतीय शेयर बाज़ार ने दिखाया कि वह विदेशी प्रभावों के बाद भी बढ़त बना सकता है

तमाम आशंकाओं के बादाल को छांटते हुए भारतीय शेयर बाज़ार ने फिर से कमबैक किया| सप्ताहांत के बाद कल सोमवार को हुई भारी बिकवाली के बाद आज भारतीय शेयर बाज़ार ने सभी आशंकाओं को हटाते हुए अपनी मजबूती का प्रदर्शन किया| आज भारतीय शेयर बाज़ार के दोनों प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए| BSE का 30 शेयरों वाले सूचकांक सेंसेक्स ने 192 अंको की बढ़त बनाई तो NSE के निफ्टी ने 59 अंकों की छलांग लगाई| सेंसेक्स  40,869 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 12,052 के स्तर पर क्लोज हुआ| निफ्टी ने इंट्रा-डे में 12,152.15 का उच्च स्तर को भी छुआ था| वहीं शेयर बाज़ार के विपरीत सोने की कीमतों में सोमवार की बड़ी तेजी के बाद आज मंगलवार को  जबरदस्त गिरावट देखने को मिली|

सुबह से ही बढ़त का रुख 

ईरान-अमेरिका तनाव से गिरावट झेल रहे शेयर बाजार में आज सुबह से ही तेजी नजर आई| सेंसेक्स ने दिन के कारोबार (इंट्राडे) के दौरान करीब 500 अंकों की बढ़त दर्ज की| कारोबारियों के मुताबिक वैश्विक निवेशकों ने इस अनुमान पर दांव लगाया कि पश्चिम एशिया में तनाव अब और नहीं बढ़ेगा| प्री-ओपनिंग में सेंसेक्स करीब 300 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था| आज सेंसेक्स जहां 450 अंकों की तेजी के साथ खुला वहीं निफ्टी में भी सुबह से ही तेजी नजर आई|

सोमवार को सेंसेक्स में आई थी 787.98 अंकों की गिरावट

ज्ञात हो कि पिछले सत्र में कल सोमवार को सेंसेक्स में 787.98 अंकों की गिरावट और निफ्टी में 233.60 अंकों की गिरावट देखने को मिली थी| बता दें ईरान के शीर्ष कमांडर कासिम सुलेमानी की अमेरिकी हमले में मौत के बाद से पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक बाजार में हुई बिकवाली के दबाव में सोमवार को भारतीय शेयर बाजार भी धराशाई हो गया था और इसके चलते निवेशकों को एक दिन में तीन लाख करोड़ रुपये डूब गए थे| मगर स्थिति सामान्य होने के संकेतों के बीच आज सेंसेक्स और निफ्टी सहित सभी सूचकांकों में बढ़त का रुख रहा|

सेक्टोरियल इंडेक्स में रहा मिलाजुला कारोबार

सेक्टोरियल इंडेक्स की बात करें तो BSE ऑटो, बैंक निफ्टी, कैपिटल गुड्स, BSE FMCG, BSE हेल्थकेयर, BSE मेटल और ऑयल एंड गैस सेक्टर हरे निशान पर क्लोज हुए| इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबिल्स, BSE IT, BSE PSU और टेक सेक्टर लाल निशान पर क्लोज हुए|

मिडकैप-स्मॉलकैप में आई तेजी

आज BSE स्मॉलकैप, मिडकैप और CNX मिडकैप इंडेक्स हरे निशान पर कारोबार करते हुए क्लोज हुए| BSE स्मॉलकैप इंडेक्स 136.21अंकों की तेजी के साथ 13851.39 के स्तर पर बंद हुआ| इसके अलावा BSE मिडकैप इंडेक्स 96.06 अंकों की तेजी के साथ 14861.91 के स्तर पर बंद हुआ| वहीं CNX मिडकैप इंडेक्स 117.00 अंकों की तेजी के साथ 17021.50 के स्तर पर क्लोज हुआ|

दिग्गज शेयरों का हाल

आज के दिग्गज शेयरों की बात करें तो वेदांता, UPL, अल्ट्राटेक सीमेंट, HDFC बैंक, सन फार्मा और NTPC के शेयर हरे निशान पर कारोबार करते हुए क्लोज हुए| इसके अलावा भारती इंफ्राटेल, BPCL, इंफोसिस, भारती एयरटेल, नेस्ले, ICICI बैंक और हीरोमोटोकॉर्प के शेयर्स आज लाल निशान पर बंद हुए|

सोना 420 और चांदी 830 सस्ता 

वहीं शेयर बाज़ार के बढ़त के विपरीत सोने की कीमतों में सोमवार की बड़ी तेजी के बाद आज  मंगलवार को जबरदस्त गिरावट देखने को मिली| डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए में आई मज़बूती के चलते एक दिन में ही सोना 420 रुपए प्रति दस ग्राम तक सस्ता हो गया है| वहीं इस दौरान चांदी की कीमतों में प्रति किलो 830 रुपए की बड़ी गिरावट देखने को मिली| आपको बता दें कि सोमवार को अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से सोने का भाव अब तक के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था|

आज भारतीय शेयर बाज़ार ने वापसी करके बता दिया कि उसकी मजबूती कितनी गहरी हैं| हालांकि आज के बढ़त में विदेशी निवेशकों का अहम योगदान है, मगर इससे निवेशकों का भारतीय बाज़ार के उपर विश्वास भी दीखता है, मगर कल के विशाल गिरावट के बाद एक चौथाई बढ़त बताती है कि निवेशक अभी भी सावधानी से काम ले रहे हैं| ज्ञात हो कि सामान्यतः शेयर बाजार में गिरावट होने पर सुरक्षित निवेश के रूप में निवेशकों का रुझान सोने में निवेश की तरफ बढ़ता ही है|