Arthgyani
होम > बजट 2020 > बजट 2020

बजट 2020 – आइये जानें बजट से जुड़े कुछ ऐतिहासिक रोचक तथ्य

वित्त वर्ष 2020-21 के लिए आम बजट जल्द ही पेश होने वाला है।

आगामी बजट से आम लोगों को काफी उम्मीदें हैं। वित्त वर्ष 2020-21 के लिए आम बजट जल्द ही पेश होने वाला है। इसके लिए 1फरवरी 2020 की घोषणा हो चुकी है। ज्ञात हो कि इसके बावत आर्थिक सर्वे 31 जनवरी को आने वाला है।
ऐसे मौके पर जबकि आम बजट सबके जेहन में एक उत्सुकता का विषय है, आइये बजट से जुडी कुछ रोचक तथ्यों के बारे में जानते हैं।

1947 में पेश हुआ पहला बजट

देश का पहला बजट साल 1947 में पेश हुआ था। 26 नवंबर 1947 को आरके शनमुखम शेट्टी ने आजाद भारत का पहला बजट पेश किया था। हालांकि यह पूर्ण बजट नहीं था, इसे अर्थव्यवस्था की समीक्षा माना जा सकता था। उसमे कर से जुड़ा कोई भी प्रस्ताव नहीं था।

1955 तक बजट सिर्फ अंग्रेजी भाषा में

भारत का पूर्ण बजट साल 1955 तक सिर्फ अंग्रेजी भाषा में ही पेश होता रहा।  वित्त वर्ष 1955-56 के दौरान पहली बार  बजट अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषा में छापा गया।

सबसे ज्यादा बार बजट पेश करने वाले- मोरारजी देसाई

सबसे ज्यादा बार बजट पेश करने वाले मंत्रियों में मोरारजी देसाई का नाम शामिल है। साल 1959 में देश के वित्त मंत्री बनने के बाद उन्होंने 10 बार बजट पेश किया जिनमे आठ पूर्ण बजट और दो अंतरिम बजट थे। उनके बाद सिर्फ़ पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, यशवंत सिन्हा और अरुण जेटली ही ऐसे नेता रहे हैं, जिन्होंने लगातार पांच बार बजट पेश किया है।

अधिकारियों को नहीं मिलती घर जाने की इजाजत

बजट छपाई की प्रक्रिया के दौरान सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को कुछ दिनों के लिए घर जाने की भी इजाजत नहीं होती थी। इन्हें पूरी दुनिया से कटे रहना होता है। वित्त मंत्री द्वारा लोक सभा में बजट पेश करने के बाद ही इन्हें नॉर्थ ब्लॉक से बाहर जाने की इजाजत मिलती है।

काला बजट

1973-74 में  पेश हुए बजट को काला बजट के नाम से जाना जाता है क्योंकि उस बजट में 550 करोड़ से ज्यादा का घाटा  हुआ था। इसे तत्कालीन वित्त मंत्री यशवंतराव बी चव्हाण द्वारा पेश किया गया था।

पूर्ण बजट में शामिल नहीं था रेल बजट

साल 1947 से साल 2017 तक रेल बजट अलग से पेश किया जाता था। लगातार 92 साल तक रेल बजट को पूर्ण बजट में शामिल नहीं किया गया। साल  2018 से रेल बजट पूर्ण बजट में शामिल हो गया ।

बजट पेश करने वाली पहली महिला वित्त मंत्री

भारत के बजट के इतिहास में इंदिरा गाँधी पहली महिला वित्त मंत्री थीं जिन्होंने साल 1970-71 में बजट पेश किया था। श्रीमती निर्मला सीतारमण देश की दूसरी महिला वित्त मंत्री हैं।