Arthgyani
होम > न्यूज > 2 हज़ार तक की ऑनलाइन शॉपिंग होगी OTP से मुक्त, RBI ने दी मंजूरी

2 हज़ार तक की ऑनलाइन शॉपिंग होगी OTP से मुक्त, RBI ने दी मंजूरी

OTP को खत्म करने के पीछे मुख्य वजह पैसों के लेन-देन को तेज और सुविधाजनक बनाना है।

ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों के लिए खुशखबरी है|अब 2000 रुपए तक की ऑनलाइन शापिंग पर वन टाइम पासवर्ड (OTP) की सुविधा खत्म होने वाली है| रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया (RBI) ने इसके लिए मंजूरी बैंकों को दे दी है| इसके अलावे RBI ने अपना डिजिटल पेमेंट सिस्टम ‘प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (PPI)’  भी पेश किया है| इस PPI जरिए 10 हजार रुपए तक की शॉपिंग की जा सकती है|

समय की बचत के लिए किया गया OTP ख़त्म

वर्तमान में ऑनलाइन शापिंग या डेबिट व क्रेडिट कार्ड से भुगतान करने पर पहले रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आता है, फिर OTP देने पर ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी होती है| लेनदेन की इस पूरी प्रक्रिया पेमेंट के दौरान ही 3 से 5 मिनट का समय लगता है| ई-कॉमर्स कंपनियां और मोबाइल एप ट्रांजेक्शन में OTP की जरूरत को खत्म करने की मांग लंबे समय से कर रहे थे| उनकी मांग को RBI ने स्वीकार तो कर लिया है, मगर इसके साथ ही दो हजार रुपए की अधिकतम सीमा भी तय कर दी है| अब ग्राहक ऑनलाइन शॉपिंग करते वक्त फटाफट ट्रांजेक्शन कर पाएंगे| इससे अधिक के लेनदेन के लिए OTP की जरूरत पूर्व की तरह ही अनिवार्य रहेगी|

वैरिफाईड कस्टमर ही ले पाएंगे इस सुविधा का लाभ

विदित हो कि OTP अनिवार्यता को खत्म करने के पीछे मुख्य वजह ट्रांजेक्शन (पैसों के लेन-देन) को तेज और सुविधाजनक बनाना है| इसके साथ यह बात भी जानने वाली है कि यह नियम सिर्फ वहीं लागू है जहां मर्चेंट कस्टमर को वैरिफाई कर सकता है| RBI ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से नियमों में ढील देने की वजह से बिना OTP के लेनदेन संभव हो पाया है| इसके साथ ही छोटे भुगतान की सुरक्षा को लेकर भी RBI ने बैंकों से हाईटेक तकनीक पर काम करने को कहा है, ताकि लेनदेन तेज के साथ-साथ सुरक्षित भी हो|

यहां पर गौर करने वाली बात है कि पिछले एक साल में साइबर फ्राड के मामलों में 40 फीसदी हिस्सेदारी दो हजार रुपए से छोटे भुगतान की है, उसमें भी OTP के माध्यम से फ्रॉड की घटनाओं में भी बेतहाशा वृद्धि हुई है| अब यह देखना दिलचस्प होगा कि RBI के इस छूट का बैंक अपने उपभोक्ताओं के लिए कैसे सुविधाजनक के साथ-साथ सुरक्षित भी बनाने में सफल होते हैं|