Arthgyani
होम > न्यूज > आयात-निर्यात

आयात में गिरावट से व्यापार घाटे में कमी

अक्टूबर में देश का निर्यात 26.38 अरब डॉलर

पेट्रोलियम और चर्म निर्यात में गिरावट आने से अक्‍टूबर महीने में देश का निर्यात 1.11 फीसदी गिरकर 26.38 अरब डॉलर रहा। पिछले साल अक्टूबर में भारत ने 26.67 अरब डॉलर का निर्यात किया था।निर्यात में कमी के साथ भारत के आयात में भी कमी आई है|आयात के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले आयात 16 फीसदी से ज्यादा घट गया।आयात में कमी आने से भारत का व्यापार घाटा भी कम हुआ है|

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में देश का निर्यात 26.38 अरब डॉलर रहा|हालांकि मासिक आधार पर अक्टूबर में निर्यात  में इजाफा हुआ है,बीते सितंबर महीने में भारत ने 26.03 अरब डॉलर मूल्य की वस्तुओं का निर्यात किया था।मंत्रालय ने बताया कि अक्टूबर में गैर-पेट्रोलियम और गैर-रत्नाभूषण वस्तुओं का निर्यात 19.04 अरब डॉलर रहा| जबकि पिछले साल अक्टूबर में इन वस्तुओं का निर्यात 18.93 अरब डॉलर था। इस प्रकार इन वस्तुओं के निर्यात में 0.59 फीसदी की वृद्धि हुई है।वहीं, इस दौरान देश का आयात अक्टूबर महीने में 37.39 अरब डॉलर रहा|जो कि  पिछले साल इसी महीने  44.68 अरब डॉलर था।इस आधार पर देखें तो आयात में 16.31 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।

आयात में गिरावट आने से व्यापार घाटे में कमी:

बता दें अक्टूबर 2019 में 9.63 अरब डॉलर मूल्य का तेल आयात किया गया जोकि पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 31.74 फीसदी कम है|अक्टूबर 2018 में भारत ने 14.11 अरब डॉलर मूल्य का तेल आयात किया था।गैर-तेल वस्तुओं का आयात इस साल अक्टूबर 27.76 अरब डॉलर रहा जबकि पिछले साल इसी महीने 30.57 अरब डॉलर था।निर्यात के मुकाबले आयात में ज्यादा गिरावट आने से देश का व्यापार घाटा इस साल अक्टूबर 11.01 अरब डॉलर रहा जबकि पिछले साल इसी महीने में 18 अरब डॉलर था।

आयात निर्यात और भारत:

भारत प्राचीन काल से विश्व के सुदूर भागों से व्यापार करता रहा है।उस समय भारत मसालों और इस्पात का निर्यात करता था। रोम जैसे पुराने साम्राज्य भारत के व्यापारिक सम्बन्ध से जुड़े थे| वास्को डि गामा से लेकर ईस्ट इंडिया कम्पनी तक भारत में व्यापार के लिए ही आये थे|वर्तमान में विदेश व्यापार, भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की देखरेख में होता है। भारत विश्व के १९० देशों को लगभग ७५०० वस्तुएँ निर्यात करता है तथा १४० देशों से लगभग ६००० वस्तुएँ आयात करता है|आयात के मुख्य उत्पाद कच्चा तेल,सोना व अन्य मूल्यवान धातु व रत्न,चिकित्सा संबंधी उपकरण,विभिन्न खाद्य तेल,वाहन इत्यादि तथा  निर्यात में मुख्य उत्पाद शोधित पेट्रोलियम उत्पाद,अनाज,कपास,जूट व वाहन इत्यादि हैं|