Arthgyani
होम > न्यूज > पिछले साल से 26 लाख टन ज्यादा होगा गेंहूं का उत्पादन: कृषि मंत्रालय

पिछले साल से 26 लाख टन ज्यादा होगा गेंहूं का उत्पादन: कृषि मंत्रालय

जमीन की नमी अच्छी रहने से इस वर्ष गेहूं खेती का रकबा बढ़ने की वजह से गेहूं का रिकॉर्ड उत्पादन होने अनुमान लगाया गया है

भले ही भारत की अर्थव्यवस्था की गति वर्तमान में धीमी हो पर भारत के किसानों ने अपने तरफ से कोई कोताही नहीं बरती है| तभी तो किसानों की मेहनत, ज्यादा बुआई और अच्छी बरसात की वजह से देश में इस साल गेहूं की पैदावार 2019-20 में रिकॉर्ड 10 करोड़ 62.1 लाख टन तक पहुंचने की संभावना है| ज्ञात हो कि खाद्यान्न उत्पादन के अंतिम अनुमान से पहले मंत्रालय, चार अग्रिम अनुमान जारी करता है|

अगले महीने से शुरू होगी फसलों की कटाई

सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, गेहूं का उत्पादन साल-दर-साल बढ़ रहा है और फसल वर्ष 2018-19 में 10 करोड़ 36 लाख टन गेहूं का कीर्तिमान बना था| जानकारी के लिए बता दें कि गेहूं मुख्य रबी (सर्दियों) फसल है| इसकी कटाई अगले महीने शुरू होगी|

अच्छी नमी ने निभाई बड़ी भूमिका

कृषि मंत्रालय (Ministry of Agriculture) ने खाद्यान्न उत्पादन का दूसरा अनुमान जारी करते हुए कहा है कि देश में मॉनसून सत्र (जून-सितंबर 2019) में कुल मिला कर बरसात 10 प्रतिशत अधिक थी| अच्छी नमी के चलते फसल वर्ष 2019-20 में अधिकांश फसलों की पैदावार सामान्य से अधिक रहने की संभावना है| जमीन की नमी अच्छी रहने से इस वर्ष गेहूं खेती का रकबा बढ़ने की वजह से गेहूं का रिकॉर्ड उत्पादन होने अनुमान लगाया गया है|

गेंहूं की रिकॉर्ड बुआई हुई थी  

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, इस फसल वर्ष के जनवरी-अंत तक तीन करोड़ 36.1 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बुआई हुई थी| पिछले साल इसी दौरान गेहूं का यह रकबा दो करोड़ 99.3 लाख हेक्टेयर था| दूसरे अनुमान के अनुसार, फसल वर्ष 2019-20 में गेहूं, चावल, मोटे अनाज और दलहन आदि सहित कुल खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 29 करोड़ 19.5 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष 28 करोड़ 52.1 लाख टन से कहीं अधिक होगा|

न्यूज़18 के अनुसार इस बार चालू वर्ष के रबी सत्र में 14 करोड़ 23.6 लाख टन और खरीफ सत्र में 14 करोड़ 96 लाख टन अनाज की पैदावार होने के अनुमान हैं|

ऐसे रहेंगे अन्य फसलों के उत्पादन का हाल:

धान का उत्पादन पिछले साल के 11 करोड़ 64.8 लाख टन से मामूली वृद्धि के साथ इस साल 11 करोड़ 74.7 लाख टन होने का अनुमान है| जबकि विभिन्न अनाजों का उत्पादन 26 करोड़ 31.4 लाख टन से बढ़कर 26 करोड़ 89.3 लाख टन होने का अनुमान है|

दालों का उत्पादन आंकड़ों के अनुसार, इस साल दलहन उत्पादन दो करोड़ 30.2 लाख होने का अनुमान है जो पिछले साल दो करोड़ 20.8 लाख टन था| वर्ष 2019-20 में तिलहन उत्पादन बढ़कर तीन करोड़ 41.8 लाख टन होने का अनुमान है जो पिछले साल तीन करोड़ 15.2 लाख टन था|

गन्ना नकदी फसलों में गन्ने का उत्पादन उक्त अवधि में पहले के 40 करोड़ 54.1 लाख टन से घटकर 35 करोड़ 38.4 लाख टन रह जाने का अनुमान है|

कपासवर्ष 2018-19 में कपास का उत्पादन पहले के दो करोड़ 80.4 लाख गांठ से बढ़कर चालू वर्ष में तीन करोड़ 48.9 लाख गांठ (170 किलो प्रत्येक) हो जाने का अनुमान है| जबकि जूट / मेस्टा उत्पादन पिछले साल के 98 लाख गांठ (एक गांठ- 180 किग्रा) के स्तर पर ही बने रहने की उम्मीद है|