Arthgyani
होम > बाजार > शेयर बाजार > भारी उठापटक के बाद मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाज़ार

भारी उठापटक के बाद मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाज़ार

सोमवार को दर्ज की थी रिकॉर्ड स्तर की गिरावट

आज भारतीय शेयर बाज़ार बढ़त के साथ बंद हुआ| भले बढ़त मामूली थी, मगर सोमवार के कारोबारी हश्र को देखते हुए यह मामूली बढ़त भी कीर्तिमान स्थापित करती हुई प्रतीत होती है| आज भारतीय शेयर बाज़ार के दोनों प्रमुख सूचकांकों दिन भर ऐसी उठापटक रही थी कि बड़े से बड़े बाज़ार विश्लेषक भी अंदाजा नहीं लगा पा रहे थे कि ऊंट किस करवट बैठेगी|

निफ्टी मात्र 6.95 अंकों की बढ़त के साथ हुआ बंद 

मगर अंततः कारोबारी दिन के अंत में BSE का सेंसेक्स 0.18% और 62.45 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 35,697.40 के स्तर पर बंद हुआ| वहीं NSE निफ्टी की बढ़त तो सही में ही मामूली रही| निफ्टी ने कारोबारी दिन की क्लोजिंग मात्र 6.95 अंकों की बढ़त के साथ 10,458.40 पर की| आज की बढ़त का स्टार Yes बैंक रहा, जिसके शेयरों ने NSE में 36.71% की बढ़त बनाते हुए 29.05 रूपए के सकारात्मक स्तर पर क्लोजिंग की|

चीनी राष्ट्रपति के वुहान के दौरे ने दी निवेशकों को हिम्मत 

आज के बाज़ार में इस सकारात्मक प्रभाव आने के पीछे कारण चीन के शेयर बाज़ार में बहुत दिनों बाद मामूली तेज़ी को प्राप्त करना है| ज्ञात हो कि कोरोना वायरस के बढ़ते क्षेत्र और प्रभाव से डरकर भारतीय निवेशक सुरक्षात्मक कदम के तहत बिकवाली पर जोड़ दे रहे है| मगर चीन के राष्ट्रपति द्वारा चीन के कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र वुहान के दौरे से न सिर्फ चीन की बाज़ारों में दम आया बल्कि भारतीय निवेशकों ने भी हिम्मत दिखाई| इसका असर वैश्विक शेयर बाज़ारों पर भी बहुत हद तक सकारात्मक पड़ा|

भारी उठापटक से भरा रहा दिन 

आज शेयर बाज़ार के दोनों प्रमुख सूचकांकों का पूरा दिन असमंजसता से भरा रहा| दोनों ही सूचकांकों ने सोमवार के स्तर से बढ़त बनाते हुए शुरुआत की थी, मगर जल्द ही उठापटक का दौर प्रारंभ हो गया| निफ्टी ने तो प्री सीजन कारोबार में ही सुबह 9.15 बजे आज के अपने निम्नतम स्तर 10,334.00 पर कारोबार करने लगा था| फिर उसी दौरान मात्र 15 मिनट के अंदर 10,545.10 पर कारोबार करता दिखा, जोकि आज का उसका उच्चतम स्तर रहा|

35 हज़ार के करीब पहुंच गया था सेंसेक्स 

बात अगर BSE की करें तो सेंसेक्स ने तो शुरुआत में ही लगभग 200 अंकों की बढ़त बना ली थी, मगर जल्द ही रुख बदला और वह आज अपने दिन के निम्नतम स्तर 35,261.92 पर सुबह की शुरुआत में ही पहुंच गया| हालांकि पूरे दिन उठापटक के बीच भी सेंसेक्स दम दिखाते हुए डटा रहा और दोपहर में उसने आज के अपने उच्चतम स्तर 36,021.51 को भी छुआ|

ज्ञात हो कि सोमवार को सऊदी-रूस ट्रेड वार और कोरोना के विस्तार की खबर से डरकर शेयर बाज़ार ने सिर्फ बिकवाली पर जोर लगाया था जिससे बेदम होकर दोनों ही सूचकांक रिकॉर्ड गिरावट दर्ज किए थे| उम्मीद है कि इस बुरे दौर से राहत की तरफ आज एक छोटा सा कदम हो| क्योंकि अगर इसी प्रकार लंबे समय तक बाज़ार नकारात्मक बना रहेगा तो न सिर्फ वैश्विक अपितु भारतीय व्यापार का भी बुरा हाल हो जाएगा|

NSE निफ्टी में आज के टॉप 5 विनर शेयर्स रहें- Yes बैंक 36.71%, ZEE एंटरटेनमेंट 7.48%, इंफ्राटेल 6.61%, कोल इंडिया 5.54% और हीरो मोटर 4.14%

NSE निफ्टी में आज के टॉप 5 लूजर शेयर्स रहें- गेल 10.20%, टाटा स्टील 7.76%, टाटा मोटर्स 6.95%, इंड्सइंड बैंक 6.42% और BPCL 5.16%