Arthgyani
होम > न्यूज > गेहूं और धान की अब की बार पैदावार होगी रिकॉर्ड के पार

गेहूं और धान की अब की बार पैदावार होगी रिकॉर्ड के पार

कृषि मंत्रालय ने खाद्यान्न उत्पादन का दूसरा अनुमान जारी किया है।

अब की बार रबी के सीजन में गेहूं के ज्यादा पैदावार की उम्मीद है ।  सरकारी आंकड़ों  में बताया गया है अब की बार अच्छी बरसात और ज्यादा बुआई से देश में गेहूं की पैदावार 2019-20 में 10 करोड़ 62.1 लाख टन तक पहुंच सकती है। यह गेहूं का अब तक का सबसे ज्यादा उत्पादन होगा। फसल वर्ष 2018-19 में 10 करोड़ 36 लाख टन गेहूं उत्पादन का कीर्तिमान बना था। गेहूं मुख्य रबी (सर्दियों) फसल है. इसकी कटाई अगले महीने शुरू होगी।

कृषि मंत्रालय ने खाद्यान्न उत्पादन का दूसरा अनुमान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि देश में मानसून सत्र (जून-सितंबर 2019) में कुल मिला कर बरसात 10 फीसदी अधिक थी। अच्छी नमी के चलते फसल वर्ष 2019-20 में अधिकांश फसलों की पैदावार सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। जमीन की नमी अच्छी रहने से इस वर्ष गेहूं खेती का रकबा बढ़ने की वजह से गेहूं का रिकॉर्ड उत्पादन होने अनुमान लगाया गया है।

36.1 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बुआई हुई थी

आंकड़ों के हिसाब से , इस फसल वर्ष के जनवरी-अंत तक तीन करोड़ 36.1 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बुआई हुई थी। पिछले साल इसी दौरान गेहूं का यह रकबा दो करोड़ 99.3 लाख हेक्टेयर था। दूसरे अनुमान के अनुसार, फसल वर्ष 2019-20 में गेहूं, चावल, मोटे अनाज और दलहन आदि सहित कुल खाद्यान्न उत्पादन रिकॉर्ड 29 करोड़ 19.5 लाख टन होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष 28 करोड़ 52.1 लाख टन से कहीं अधिक होगा।

धान का उत्पादन भी बढेगा 

अब की बार रबी सीजन में 14 करोड़ 23.6 लाख टन और खरीफ सीजन में 14 करोड़ 96 लाख टन अनाज की पैदावार होने के अनुमान हैं। धान का उत्पादन पिछले साल के 11 करोड़ 64.8 लाख टन से मामूली वृद्धि के साथ इस साल 11 करोड़ 74.7 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि विभिन्न अनाजों का उत्पादन 26 करोड़ 31.4 लाख टन से बढ़कर 26 करोड़ 89.3 लाख टन होने का अनुमान है