Happy Birthday PM Modi : इतनी चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं पीएम नरेंद्र मोदी, ये है सालाना इनकम
दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी आज यानी 17 सितंबर को अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं।

दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदरदास मोदी आज यानी 17 सितंबर को अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं। जन्मदिन के इस खास मौके पर पूरा देश अपने चहेते प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं और बधाइयां दे रहा है। पीएम मोदी के जन्मदिन के इस खास मौके पर हम आपको उनकी चल और अचल संपत्ति के बारे में बताने जा रहे हैं। आपकी जानकारी के लिए हम स्पष्ट कर दें कि यह जानकारी खुद प्रधानमंत्री द्वारा दाखिल किए गए शपथपत्र में दी गई थी।
इतनी संपत्ति के मालिक हैं प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री द्वारा अप्रैल 2019 में दाखिल किए गए शपथपत्र के मुताबिक पीएम मोदी की कुल संपत्ति दो करोड़ 51 लाख 36 हजार 119 रुपए है। इसमें उनकी चल संपत्ति की बात करें तो प्रधानमंत्री के पास 38 हजार 750 रुपए की नकदी है। साथ ही SBI की गांधी नगर शाखा में केवल 4 हजार 143 रुपए जमा हैं।
सोने के इन आभूषणों के मालिक हैं प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने शपथपत्र में दी गई जानकारी के मुताबिक उनके पास सोने की चार अंगुठियां हैं, जिनका वजन महज 45 ग्राम है। जिनकी कुल कीमत 1 लाख 13 हजार 800 रुपए है। पीएम मोदी ने 85 हजार रुपए के करीब आयकर के लिए टीडीएस जमा किया है। साथ ही 1 लाख 40 हजार 895 रुपए PMO में जमा किए हैं।
इतनी अचल संपत्ति के मालिक हैं प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी के पास एक करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है। जिसे उन्होंने 25 अक्टूबर 2002 में 1 लाख 30 हजार 488 रुपए में खरीदी थी। साथ ही अपने इस संपत्ति पर उन्होंने 2 लाख 47 हजार 208 रुपए खर्च किए थे। अभी इस संपत्ति की कीमत बाजार मूल्य के हिसाब से एक करोड़ 10 लाख रुपए है। शपथ पत्र के मुताबिक मोदी पर किसी तरह का कोई लोन नहीं है।
20 हजार रुपए हैं बांड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 हजार रुपये एलएंडटी इंफ्रा बांड में निवेश कर रखा है। इसके साथ ही एनएससी में 7 लाख 61 हजार 466 रुपए और LIC में 1 लाख 90 हजार 347 रुपए जमा कर रखे हैं। भले ही प्रधानमंत्री देश की सबसे सुरक्षित और लग्जरी गाड़ियों की सवारी करते हों। लेकिन उनके पास खुद का किसी भी तरह का कोई वाहन नहीं है।
इतनी है सालाना आय
प्रधानमंत्री द्वारा अप्रैल 2019 में दाखिल किए गए शपथपत्र के मुताबिक वित्त वर्ष 2017-18 में सालाना आय 19 लाख 92 हजार 520 रुपए थी। वहीं 2016-17 में यह आय 14 लाख 59 हजार 750 रुपए है।