Arthgyani
होम > न्यूज > RCEP असंतुलित व्यापार समझौता था: पीयूष गोयल

RCEP असंतुलित व्यापार समझौता था: पीयूष गोयल

तेजी से आगे बढ़ने को तैयार है भारतीय अर्थव्यवस्था

RCEP एक ‘असंतुलित व्यापार समझौता’ था, जो कि आरसीईपी के उन सिद्धांतों पर खरा नहीं उतर रहा था जिनको लेकर 8 साल पहले हमने बात शुरू की थी|RCEP देशों में से भारत के जापान और कोरिया समेत आसियान के 10 देशों के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते हैं| हम ऑस्ट्रेलिया के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत को खत्म करने के करीब हैं |अगले 6-8 महीने में हम उसके साथ द्विपक्षीय व्यापार साझेदारी कर सकते हैं| ये बाते उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहीं| वे गुरूवार को विश्व आर्थिक मंच(WEF) सम्मेलन के एक सत्र को संबोधित कर रहे थे|

क्षेत्रीय व्यापक आर्थिक भागीदारी पर विचार:

क्षेत्रीय व्यापक आर्थिक भागीदारी पर भारत का पक्ष रखते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि,यदि आरसीईपी मौजूदा स्वरूप में होता तो यह एक तरह से भारत और चीन के बीच मुक्त व्यापार समझौता होता| मुझे नहीं लगता है कि भारत तब तक इसके लिए तैयार होगा जब तक कि हमें खुली सोच वाली सरकार, अच्छी पारदर्शिता, बेहतर नियामकीय कामकाज और भारतीय उत्पादों एवं सेवाओं को अधिक बाजार पहुंच जैसी चीजें देखने को नहीं मिलती हैं|बता दें बीते वर्ष भारत ने खुद को RCEP से अलग कर लिया था|

प्रधानमंत्री मोदी ने RCEP से अलग होने का ऐलान किया था:

विश्व आर्थिक मंच पर पीयूष गोयल के विचार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चिंताओं के अनुरूप रहे हैं|विदित हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था आरसीईपी समझौते को लेकर चल रही वार्ताओं में भारत द्वारा उठाए गए मुद्दों और चिंताओं को दूर नहीं किया जा सका।इसी कारण भारत ने क्षेत्रीय व्यापक आर्थिक भागीदारी (आरसीईपी) समझौते में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया है। उन्होंने यह भी कहा था कि RCEP करार का मौजूदा स्वरूप पूरी तरह इसकी मूल भावना और इसके मार्गदर्शी सिद्धान्तों को नहीं दर्शाता है।

तेजी से आगे बढ़ने को तैयार है भारतीय अर्थव्यवस्था:

भारतीय अर्थव्यवस्था से जुड़े प्रश्नों के उत्तर में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था फिर से तेजी के रास्ते पर चलने को तैयार है| देश में निवेश करने को लेकर निवेशकों में काफी उत्साह है| गोयल ने कहा कि सरकार मुक्त व्यापार समझौते पर ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के साथ बातचीत करेगी| ब्रिटेन जनवरी के आखिर तक यूरोपीय संघ से अलग हो जाएगा|वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि, चीजें एक बार फिर से बेहतर होने लगी हैं और अब अर्थव्यवस्था यहां से तेजी से आगे बढ़ने की तैयारी में है|