Arthgyani
होम > बाजार > शेयर बाजार > मुंबई में कोरोना की खबर से शेयर बाज़ार धडाम, सेंसेक्स 2,919 अंक गिरा

मुंबई में कोरोना की खबर से शेयर बाज़ार धडाम, सेंसेक्स 2,919 अंक गिरा

यह शेयर बाज़ार के इतिहास में एक दिन के कारोबार में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है

WHO द्वारा कोरोना को वैश्विक महामारी घोषित करने और भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना के कुछ केसेस के कन्फर्मेशन से भारतीय शेयर बाज़ार पूरी तरह से टूट कर बिखर गया| आज शेयर बाज़ार के दोनों प्रमुख सूचकांकों भयंकर गिरावट के साथ बंद हुए| एक ओर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों का सूचकांक सेंसेक्स 8.18% और 2,919.26 अंक गिरकर 32,778.14 के निम्नतम स्तर पर आ गया, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 8.30% और 868.25 अंकों की भारी गिरावट के साथ 9,590.15 के निम्नतम स्तर पर बंद हुआ| यह अब तक की रिकॉर्ड इंट्रा डे गिरावट है| इस ऐतिहासिक गिरावट से निवेशकों के 11 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा निवेश डूब गए|

कोरोना, Yes बैंक और वैश्विक संकट से गिरा बाज़ार 

ज्ञात हो कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा राज्य में कोरोना के 10 कन्फर्म केसेस की पुष्टि के बाद से बाज़ार में भय का वातावरण व्याप्त हो गया है| हालांकि भारत में अभी तक इस बिमारी से किसी भी तरह के जान माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है| यह भारतीय मेडिकल क्षेत्र के लिए एक कामयाबी है| ध्यान देने वाली बात यह है कि इस वायरस से भले ही किसी व्यक्ति की जान नहीं गई हो मगर यह अर्थव्यवस्था के लिए बहुत ही घातक साबित हो रहा है| आज की गिरावट में कोरोना ही एकमात्र कारण नहीं है, बल्कि वैश्विक शेयर बाज़ार में गिरावट और यस बैंक संकट की वजह से भी आज बाज़ार पूरी तरह से लुढ़क गया|

शुरुआत खराब, कारोबार खराब, अंत खराब 

आज शेयर बाज़ार की शुरुआत ही खराब हुई थी| एक बार जो बाज़ार गिरा तो वह गिरते ही चला गया| आज के पूरे दिन के कारोबार में दोनों सूचकांकों ने एक बार भी बढ़त बनाने का प्रयास नहीं किया और अंततः यह इतिहास की सबसे बड़ी इंट्रा डे गिरावट साबित हुई| सेंसेक्स ने जहां 34,472.50 के स्तर से शुरुआत की और यही उसकी आज की उच्चतम सीमा साबित हुई| वहीं निफ्टी ने 10,039.95 से ओपनिंग की और 10,040.75 अंकों का स्तर उसका उच्चतम स्तर रहा| एक समय निफ्टी गिरकर 9,508.00 और सेंसेक्स 32,493.10 के स्तर पर आ गया था, मगर कारोबारी दिन के समाप्ति से पूर्व दोनों सूचकांकों ने थोडा सुधार करते हुए क्लोजिंग की|

कल सकारात्मक संकेत के साथ बंद हुआ था बाज़ार 

ज्ञात हो कि कल का दिन भारतीय शेयर बाज़ार के लिए थोडा राहत भरा रहा था और सेंसेक्स-निफ्टी ने थोड़ी बढ़त के साथ दिन की क्लोजिंग की थी, इससे निवेशकों में थोड़ी आशा का संचार हुआ था और उम्मीद जगी थी कि शायद अब बाज़ार ने हिम्मत दिखाने का प्रयास किया है, मगर WHO के द्वारा कोरोना को वैश्विक महामारी घोषित किए जाने के बाद से वैश्विक शेयर बाज़ार सहित भारतीय शेयर मार्केट ने भी दम तोड़ दिया|