Arthgyani
होम > न्यूज > YES बैंक मामला: YES बैंक के शेयरों में आई तेज़ी, SBI में गिरावट

YES बैंक मामला: YES बैंक के शेयरों में आई तेज़ी, SBI में गिरावट

शुक्रवार क्लोजिंग के समय यस बैंक के शेयर 16.15 रूपए पर पहुंच गए थे

यस बैंक के मामलें में चौतरफ़ा आलोचना के बीच सरकार बैंक को फिर से नए सिरे से प्रारंभ करने के प्रयास में जुटी हुई है| देश की शीर्ष वित्तीय संस्थान रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया (RBI) और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के आश्वासन के बाद जबसे स्टेट बैंक (SBI) के द्वारा यस बैंक में 2450 करोड़ के निवेश और 49% के अधिग्रहण की बात आई है, तबसे इस बैंक से सम्बद्ध लोगों के रुख में परिवर्तन आया है|

YES बैंक के शेयरों में बढ़ा निवेश

इन सब प्रयासों के परिणामस्वरूप जमीनी स्तर तक पहुंच चुके YES बैंक के शेयर आज फिर से ऊपर आने लगे हैं| खबर लिखे जाने तक YES बैंक के शेयर NSE में 29.41% की उछाल के साथ 20.90 अंकों पर कारोबार कर रहे थे| इसी खबर का विपरीत असर SBI के शेयरों पर दिखाई दे रहा है| आज SBI के शेयर 6.47% गिरकर 253.30 अंकों पर कारोबार कर रहे थे|

मासिक निकासी की सीमा जल्द हो सकती है समाप्त 

इसी संदर्भ में बताते चलें कि मासिक 50 हज़ार की निकासी की लिमिट से परेशान यस बैंक के ग्राहकों के लिए भी एक अच्छी खबर आने की संभावनाएं बनी है| सूत्रों के अनुसार 3 अप्रैल तक निकासी प्रतिबंध को उससे पूर्व ही समाप्त किए जाने की संभावनाएं हैं| हालांकि इस खबर के बारे में अधिकारियों के तरफ से कोई पुष्टि नहीं की गई हैं|

ज्ञात हो कि वृहस्पतिवार को जबसे RBI ने यस बैंक के प्रबंधन को निलंबित कर खुद काबिज हुआ है तबसे निवेशकों सहित YES बैंक से जुड़े सभी वर्गों में खलबली का माहौल है| इसी हड़बड़ी के वातावरण में शुक्रवार को यस बैंक के शेयर अपने न्यूनतम स्तर 5.65 रूपए तक आ गए थे, हालांकि दिन के के समाप्ति से पूर्व उसमें थोडा सुधार आया और क्लोजिंग के समय यस बैंक के शेयर 16.15 रूपए पर पहुंच गए थे|