Arthgyani
होम > बाजार > कमोडिटीज > सोने-चांदी की दरों में हो रहा है तेज़ी से बदलाव, ये रहें आज के भाव

सोने-चांदी की दरों में हो रहा है तेज़ी से बदलाव, ये रहें आज के भाव

चीन के कोरोना वायरस की वजह से सोने के वैश्विक बाज़ार पर पड़ा है गहरा प्रभाव

चीन में कोरोना वायरस के प्रभाव की वजह से न सिर्फ वैश्विक बाज़ारों पर बल्कि भारत जैसे सोने-चांदी के बड़े उपभोक्ता देश पर भी गहरा प्रभाव पड़ रहा है| मगर सिर्फ भारतीय संदर्भ में देखें तो वर्तमान समय में यह शेयर बाज़ार के विपरीत चाल चलता हुआ दिख रहा है| कुछ अपवादों को छोड़ दें तो यह ट्रेंड देखा गया है कि अगर शेयर बाज़ार में तेज़ी आई है तो सोने-चांदी के भाव में गिरावट आ जाती है, वहीं शेयर बाज़ार में गिरावट आने पर सोने-चांदी के भाव में तेज़ी|

सोना-चांदी माना जाता है सेफ निवेश!

विगत कुछ दिनों से शेयर बाज़ार में तेज़ी का रुख बना हुआ है, उसी वक्त सोने-चांदी के भाव में निरंतर गिरावट का रुख देखने को मिल रहा है| मगर आज की बात करें तो सोने के मूल्य में कई दिनों की गिरावट के बाद आज फिर से तेज़ी देखने को मिली, जबकि उसी वक्त आज शेयर बाज़ार में भी तेज़ी का रुख बना हुआ है| ट्रेंड के विपरीत इस चाल के पीछे कई कारण हैं| बाज़ार विश्लेषक सोने-चांदी को सेफ इन्वेस्टमेंट के तौर पर बताते हैं, मगर सर्वथा यह सत्य नहीं होता| जैसे चीन का कोरोना वायरस अभी के समय में वैश्विक स्तर पे सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी भूमिका निभा रहा है|

दिल्ली सर्राफा बाज़ार में बढ़ी कीमतें 

अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में लौटी तेजी के चलते घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें फिर से बढ़ गई हैं| आज गुरुवार को भारत के सबसे बड़े सर्राफा बाज़ार दिल्ली में 10 ग्राम सोने की कीमत 150 रुपए तक महंगा हो गया हैं, वहीं चांदी की कीमतों में 140 रुपए/किलोग्राम की तेजी आई हैं|

पूरे महीने गिरावट का रहेगा रुख!

सर्राफा कारोबारियों का कहना हैं कि दो दिन की गिरावट के बाद कीमतों में रिकवरी की उम्मीद पहले से ही थी| हालांकि सोने की कीमतों में अगले एक महीने तक और गिरावट देखने को मिल सकती हैं| आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने की कीमत बढ़कर 1,560 डॉलर प्रति औंस हो गई हैं| वहीं चांदी की कीमतें भी 17.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई हैं|

सोना स्टैण्डर्ड 25 रूपए चढ़ा 

अगर बात दिल्ली सर्राफा बाजार की करें तो सोना स्टैंडर्ड 25 रुपए चढ़कर 41,670 रुपए प्रति 10 ग्राम पर रहा| सोना बिटुर भी 25 रूपए की तेजी लेकर ही 41,500 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका| आठ ग्राम वाली गिन्नी 30,900 रुपए पर स्थिर रही| चांदी हाजिर 30 रुपए लुढ़ककर 47,350 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई| चांदी वायदा 11 रुपये उतरकर 45,960 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई| सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 970 रुपए और 980 रुपए प्रति इकाई के मूल्य पर अपरिवर्तित रहें|

‘बुलियन मार्केट’ में सोने की कीमतों में 102 रूपए की तेज़ी

वहीं सोने-चांदी के वायदा बाज़ार ‘बुलियन मार्केट’ में सोने की कीमतों में 102 रूपए की तेज़ी देखि गई और 10 ग्राम सोने का मूल्य 40,312 रूपए रहा| इसके विपरीत कल बुधवार को यहां पर 396 रूपए की गिरावट दर्ज हुई थी| जबकि मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अप्रैल महीने की डिलिवरी के लिये सोना 75 रुपए यानी 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 40,125 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गया|